सहारनपुर/रामपुर मनिहारान। रामपुर मनिहारन और ग्राम हलालपुर में बृहस्पतिवार रात हुईं दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों के शवों का पंचनामा कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
रामपुर मनिहारन थाना क्षेत्र के ग्राम शिवदासपुर निवासी फैजान पुत्र शरीफ (45 वर्ष) तथा मुकर्रम पुत्र लियाकत उम्र (35 वर्ष) बृहस्पतिवार देर रात ट्रैक्टर ट्राली में पापुलर भरकर यमुनानगर ले जा रहे थे। देर रात जब वे ग्राम खड़काहेड़ी मोड़ के पास पहुंचे तो सामने की ओर से आ रहे वाहन की तेज रोशनी पड़ने से वे ट्रैक्टर का संतुलन खो बैठे। असंतुलित होकर पापुलर लकड़ी से भरी ट्रैक्टर ट्राली सड़कें किनारे खाई में पलट गई। जिसके नीचे फैजान व मुकर्रम दब गए। राहगीरों ने इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने लोगों की मदद से पापुलर के नीचे दबे दोनों लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने मृतक के परिजनों ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव उनके परिजनों को सौंप दिए।
इस मामले में मृतक फैजान के भाई आमिक ने थाने में तहरीर दी है। दोनों रिश्ते में चाचा भतीजे थे। इस घटना के बाद मृतक के परिवार के कोहराम मच गया। शुक्रवार को दोनों के शवों को सुपुर्दे खाक किया गया।
दूसरी ओर बृहस्पतिवार की देर रात ही चिलकाना के गांव पटनी निवासी अल्ताफ (25 वर्ष) बाइक द्वारा सहारनपुर से अपने गांव जा रहा था। चिलकाना रोड पर देहात कोतवाली के गांव हलालपुर के पास वाहन ने उसे टक्कर मार दी। जिससे अल्ताफ गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिला अस्पताल में शुक्रवार को सुबह के पहर में अल्ताफ की उपचार के दौरान मौत हो गई।
रात में पुलिस उसकी शनाख्त नहीं कर सकी। अल्ताफ सुबह तक अपने घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे ढूंढते हुए जिला अस्पताल पहुंचे और मोर्चरी में रखे उसके शव की शिनाख्त की।