तीतरों (सहारनपुर)। नगर पंचायत बोर्ड की प्रथम बैठक में विकास संबंधी अनेक प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास हुए। कुछ प्रस्ताव पर चर्चा हुई और बैठक में नगर को स्वच्छ रखने एवं गंदगी सड़क पर डालने वालों के विरुद्ध पंचायत एक्ट के तहत कार्यवाई करने का निर्णय लिया गया।
नगर पंचायत बोर्ड की बैठक चेयरमैन मनोज कुमार की अध्यक्षता एवं संचालन अधिशासी अधिकारी एजाज अहमद के संचालन में हुई। बैठक में कांग्रेस के सभासद शमशाद खान को चेयरमैन मनोज कुमार ने शपथ दिलाई। उसके बाद अधिशासी अधिकारी एजाज अहमद ने बैठक में बताया कि सभी 11 वार्डों में सात सदस्य कमेटी का गठन किया जाएगा। जो स्वच्छ अभियान पर नजर रखेगी। सभी सभासदों को सात सात नाम पंचायत को लिखित में देने होंगे। अधिशासी अधिकारी एजाज ने कहा कि सफाई कर्मी हर वार्ड में सीटी बजाएगा। सभी को घर का कूड़ा उनके ठेलों में डालना होगा। कोई सड़क पर गंदगी डालेगा उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में शामिल हुए प्रस्ताव में कर्णताल का सुंदरीकरण, पथ प्रकाश की व्यवस्था करने, आठ सड़कों का निर्माण कराने, गढ़ी एवं गंगोह बस स्टैंड पर स्वच्छ शौचालयों का निर्माण कराने, नगर पंचायत की सीमा विस्तार का प्रस्ताव, क्षतिग्रस्त नगर पंचायत भवन का दोबारा निर्माण कराने का प्रस्ताव किया गया। एक प्रस्ताव में मुर्दाघाट के भीतर छाया गैलरी बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया गया।
बैठक में सदस्य तैमूर खान ईसम सिंह, रमेश गुर्जर, जावेद अख्तर, शमशाद खान, बालेश देवी, शराफत खान उपस्थित थे।