- परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को कोई परेशानी ना हो इसके लिए किए गए थे कड़े बंदोबस्त
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की आरओ, एआरओ परीक्षा से अभ्यर्थी काफी संख्या में अनुपस्थित रहे। कक्षों में करीब 70 फीसदी कुर्सियां खाली पड़ी रहीं, क्योंकि परीक्षा देने के लिए मात्र 30.75 फीसदी ही अभ्यर्थी पहुंचे।
परीक्षा के लिए जनपद में 56 केंद्र बनाए गए थे, जिन पर 25,034 अभ्यर्थियों को परीक्षा देने के लिए पहुंचना था। केंद्र और अभ्यर्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने तमाम बंदोबस्त किए थे। सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती और पुलिस बल की मुस्तैदी सामान्य प्रक्रिया है, जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों को केंद्रों तक पहुंचाने के लिए रोडवेज के साथ ही ई-रिक्शा चालकों तक से सहयोग की अपील की थी, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्रों पर नजारा बदला हुआ था।
परीक्षा सुबह साढ़े नौ बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चली। परीक्षा देने के लिए केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थियों की भीड़ कुछ खास नहीं थी। परीक्षा के बाद जब आंकड़ा सामने आया तो कम अभ्यर्थियों के पहुंचने का विचार यकीन में बदल गया। मात्र 30.75 फीसदी ही अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 69.25 फीसदी गैरहाजिर रहे। सबसे कम 85 अभ्यर्थी सरसावा के मदर टेरेसा पब्लिक स्कूल केंद्र पर पहुंचे, जबकि यहां 384 अभ्यर्थियों को पहुंचना था।
- प्रश्न पत्र को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया
शामली से परीक्षा देने पहुंची मोना ने प्रश्न पत्र को पिछली बार के प्रश्न पत्र की तुलना में थोड़ा मुश्किल बताया। उन्होंने बताया कि इस बार पैटर्न थोड़ा बदला हुआ था। सामान्य ज्ञान के प्रश्न मुश्किल लगे।
नजीबाबाद से परीक्षा देने पहुंचे सचिन कुमार भी आरओ की परीक्षा देने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि हिंदी, सामान्य स्टडीज और रीजनिंग के 200 सवाल आए थे। प्रश्न पत्र को हल करने में परेशानी नहीं हुई।
नैनीताल से परीक्षा देने आए भारतेंदु आर्य भारत ने प्रश्न पत्र को आसान बताया। पूर्व में भी परीक्षा दे चुके हैं, लेकिन पेपर लीक होने की वजह से प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। इस बार प्रश्न पत्र आसान लगा।
मुजफ्फरनगर से परीक्षा देने आई सना का कहना है कि प्रश्न पत्र ज्यादा मुश्किल नहीं था। जिसने थोड़ी भी गंभीरता और ईमानदारी से तैयारी की है उसकी परीक्षा अच्छी रही है। वह पूर्व में भी परीक्षा दे चुकी हैं।
जेवी जैन डिग्री कॉलेज से आरओ एआरओ की परीक्षा देकर बाहर निकलते अभ्यर्थी