सहारनपुर। कोरोना संक्रमण तेजी के साथ पैर पसार रहा है। सोमवार को जनपद में सिविल कोर्ट के 14 और जिला जेल के 13 लोगों समेत 295 लोगों की कोरोना रिपोर्र्ट पॉजिटिव आई है। इनके बाद जनपद में कोरोना की तीसरी लहर में मिले कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2371 पर पहुंच गई है। वर्तमान में जनपद में 1995 एक्टिव मरीज हैं।
सिविल कोर्ट में बीते चार दिन से लगातार संक्रमित मिल रहे हैं। सोमवार को भी 14 लोग संक्रमित आए। जिला जेल में अभी तक इक्का दुक्का व्यक्ति संक्रमित मिल रहा था, लेकिन सोमवार को एक साथ 13 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा दो सरकारी डॉक्टर भी संक्रमित आए हैं, जिनमें एक राजकीय मेडिकल कॉलेज और दूसरा सीएचसी नानौता का है। खास बात यह है कि 295 संक्रमितों में 73 लोग अकेले नानौता के हैं। यानी नानौता में कोरोना संक्रमित लोगों को बड़ी संख्या में चपेट में ले रहा है। मुजफ्फराबाद ब्लॉक के 19, बलियाखेड़ी के 13, गगोह के 12, नकुड़ के 11, साढौली कदीम के सात मरीज शामिल हैं। यानी सोमवार को मिले संक्रमितों में शहर के तुलना में ग्रामीण क्षेत्र के मरीज अधिक हैं। इससे साफ है कि देहात में भी कोरोना जोर पकड़ रहा है।
इधर, सहारनपुर शहर में ऑफिसर कॉलोनी, पंत विहार, न्यू माधोनगर, गोविंदनगर, शिव विहार, चंद्रनगर, नेहरू मार्केट, किशनपुरा, ज्योति विहार, पैरामाउंट ट्यूलिप, रवि नगर, अंबाला रोड, गोविंद विहार, आईटीसी रोड आदि जगहों पर भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।
35 हजार को पार कर गया आंकड़ा
जनपद में कोरोना संक्रमितों का कुल आंकड़ा 35 हजार को पार कर गया है। कोरोना की पहली और दूसरी लहर में जनपद में 32,903 संक्रमित मिले थे। तीसरी लहर में अभी तक 2371 मरीज मिल चुके हैं। तीनों लहर के मरीजों का आंकड़ा सोमवार को 295 मरीज मिलने के बाद 36,174 पर पहुंच गया है।
130 कंटेनमेंट जोन
कोरोना संक्रमितों से प्रभावित क्षेत्रों को कंटेनमेंट जोन बनाया जा रहा है, जहां नगर निगम बैरीकेडिंग और सैनिटाइजेशन करा रहा है। रविवार तक मिले संक्रमितों के आधार पर अभी तक 130 कंटेनमेंट जोन शहर में हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन ने बताया कि सोमवार को शहर में जहां भी संक्रमित मिले हैं। वहां भी कंटेनमेंट जोन बनाए जा रहे हैं।