अंबाला रोड बस अड्डे पर बसें ना होने पर परेशान यात्री
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। रोडवेज बसों के विधानसभा चुनाव में भेजे जाने से सहारनपुर रीजन के सभी रोडवेज डिपो में बसों की किल्लत हो गई है, ऐसे में पर्याप्त बसें नहीं मिलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों की दुश्वारियां आगामी दिनों बढ़ेंगी, क्योंकि चुनाव के कारण अन्य जिलों से भी बसों का संचालन कम होगा। जो बसे डिपो में बची हैं, उन्हीं पर यात्रियों को निर्भर रहना पड़ेगा।
विधानसभा चुनाव के लिए शासन की ओर से रोडवेज बसों की मांग लगातार की जा रही है। सहारनपुर रीजन में सहारनपुर, छुटमलपुर, मुजफ्फरनगर, खतौली डिपो से अभी तक 226 बसें चुनाव ड्यूटी में जा चुकी है। सहारनपुर में दूसरे चरण का मतदान 14 फरवरी को होगा। सहारनपुर डिपो से 50 बसें चली गई हैं। चुनाव के बाद यहां से 28 बसें और भेजी जाएंगी। जो सातवें चरण के चुनाव के बाद ही 8 मार्च को वापस आएंगी, ऐसे में यात्रियों को करीब एक माह तक बसें कम मिलने के कारण यात्रा में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। कोरोना संक्रमण के कारण ट्रेन भी कम चल रही है। अब रोडवेज बस कम होने से यात्रियों को दिक्कत उठानी पड़ रही है। दूसरे जिलों से यहां आने वाली रोडवेज बस भी कम हो गई है।
दिल्ली-ऋषिकेश मार्ग पर नहीं है बस
सहारनपुर। यहां के रोडवेज बस अड्डे पर बसें नहीं मिलने से यात्री परेशान घूम रहे हैं। अनुबंधित 34 बसें भी चुनाव में चली गई है। दिल्ली-ऋषिकेश मार्ग पर बस नहीं है। गंगोह से देहरादून और हरिद्वार चलने वाली बसों को भी बंद कर देहात के मार्गों पर चलाया जा रहा है।
- चुनाव ड्यूटी के लिए लगातार बसों की डिमांड आ रही है। अभी तक 50 बसें भेजी गई हैं। अनुबंधित 34 बस भी चुनाव ड्यूटी में चली जाएंगी। यहां से चुनाव के बाद 28 बस और भेजी जाएंगी। जिस कारण विभिन्न मार्गों पर बसें कम पड़ गई हैं। अब ऐसे में लोकल मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए हैं, ताकि यात्रियों की परेशानी कम हो सके।
- जगदीश सिंह, एआरएम सहारनपुर
डिपो--------------चुनाव में गईं बसें
सहारनपुर------------50
छुटमलपुर------------39
मुजफ्फरनगर--------85
खतौली----------------52
योग-----------------226