सहारनपुर। खेल निदेशालय की खूब खेलो-खूब बढ़ो मुहिम के तहत डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। बुधवार को हुए मुकाबले में ग्लोबल क्लब देवबंद की टीम ने मैच जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी स्टार क्लब नकुड़ की टीम निर्धारित 20 ओवर में 95 ही रन बना सकी। इनमें शुभम ने 27, बालिस्टर ने 26 और अभय ने नौ रन का योगदान दिया। ग्लोबल क्लब की ओर से शाहिद ने चार तथा रिषभ और अजीम ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी ग्लोबल क्लब देवबंद की टीम ने 13 ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर सेमीफाइनल में जगह पक्की की। यूसुफ ने 46, कैफ ने 21 रन बनाए। अंपायर विकास और भावना तोमर रही। मैन ऑफ द मैच यूसुफ को चुना गया। इस मौके पर जिला उप क्रीड़ा अधिकारी काशीनरेश यादव, कोच अब्दुल अहद, फुरकान कुरैशी, शाहकार खान, लाल धर्मेंद्र प्रताप, राशिद अली आदि मौजूद रहे।
फुटबाल खिलाड़ी कार्तिक का स्वागत
सहारनपुर। कटरा में 11 से 16 फरवरी तक आयोजित संतोष ट्रॉफी में सहारनपुर के फुटबाल खिलाड़ी कार्तिक भार्गव ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। बुधवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंचे कार्तिक का जिला फुटबाल संघ की ओर से स्वागत किया गया। संघ सचिव अब्दुल अहद ने बताया कि कार्तिक भार्गव होनहार खिलाड़ी है, जो जुनून से भरा हुआ है। उम्मीद जताई कि कार्तिक भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन कर जनपद और प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश का नाम रोशन करेगा। प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार, जीआरपी इंस्पेक्टर राशिद अली, संघ अध्यक्ष मो. तैयब, सचिव अब्दुल अहद, संयुक्त सचिव रंजीव सैनी, धीरज राणा, विशाल, मो हसीन, शाहकार खान, मो सालिम आदि ने कार्तिक को बधाई दी।