गुर्जर समाज के युवाओं ने फूंका राहुल गांधी का पुतला
सहारनपुर। सचिन पायलट को राजस्थान का मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने से खफा गुर्जर समाज के कुछ युवाओं ने प्रदर्शन कर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इस निर्णय से गुर्जर समाज आहत है।
शुक्रवार को हकीकत नगर चौराहे पर पुतला दहन करने के बाद प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए लोकेश गुर्जर, प्रवेश गुर्जर और परिक्षित वर्मा ने कहा कि सचिन पायलट ने प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पांच वर्ष तक संघर्ष करने के बाद आज कांग्रेस को राजस्थान में सत्ता में पहुंचाया है। जबकि अशोक गहलोत के जमाने में कांग्रेस मात्र 21 सीटों तक सिमट गई थी। उन्होंने कहा कि सचिन पायलट ने गांव गांव जाकर सभी समाज के लोगों से व्यक्तिगत संपर्क किया। इससे आज राजस्थान में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि जब सरकार बनाने का समय आया तो कांग्रेस ने अशोक गहलोत को मुख्यमंत्री बना दिया गया। इससे गुर्जर समाज में भारी रोष व्याप्त है। इस अवसर प्रवीण राठौर, विवेक वर्मा, योगेश भांकला, कुलदीप खटाना, राजकुमार जेहरा, मोहित पंवार, पंकज उमरी, अनुज चौधरी, संजय चौधरी, यशवीर, संदीप चौधरी, राजकुमार, अंकुश सांपला आदि मौजूद रहे।