सहारनपुर। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना को लेकर कृषि विभाग ने जांच का कार्य पूरा कर लिया है। इसमें जिले में 20989 किसान अपात्र मिले हैं। इन किसानों को पहले नोटिस भेजा जाएगा। इनके जवाब से असंतुष्ट होने पर अपात्र किसानों से सम्मान निधि की वसूली होगी।
केंद्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को छह हजार रुपये प्रतिवर्ष दिए जाते हैं। जनपद में इस योजना के तहत 331546 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से कुछ किसान पहले ही अपात्रता के श्रेणी में है। नौ अगस्त को जारी हुए सम्मान निधि योजना की नौवीं किश्त जिले के 265683 खाते में आई है। कुछ अपात्र किसानों के खाते में सम्मान राशि जाने की शिकायतों पर कृषि निदेशालय की ओर से विभागीय अधिकारियों से अपात्रों की जांच कराई है। इसमें 20989 किसान अपात्रता की श्रेणी में पाए गए। इनमें 4584 किसान आयकरदाता, 905 मृतक, 8934 गलत खाते में भुगतान और 3508 किसान अन्य कारणों से अपात्र पाए गए हैं। इसके अलावा अमान्य आधार वाले 3058 किसान भी हैं।
वर्जन ---
जांच में पाए गए अपात्र किसानों को पहले नोटिस दिया जाएगा। नोटिस का जवाब प्राप्त होने पर अपात्र किसानों से सम्मान निधि की वसूली की कार्रवाई शुरू की जाएगी। - डॉक्टर राकेश कुमार, उप निदेशक कृषि।
ये है अपात्र होने का मानक
- पूर्व एवं वर्तमान संवैधानिक पद धारक
- सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी
- 10 हजार रुपये से अधिक पेंशन पाने वाले
- पंजीकरण कराकर कोई भी पेशा करने वाला
- कृषि कार्य से इतर प्रयोग में आने वाली संस्थागत भूमि धारक
- मृत्यु हो गई हो
- एक फरवरी 2019 के बाद की भूमि रजिस्ट्री
- आयकर का भुगतान किया गया हो
-- किसानों के खाते में आए 53.13 करोड रुपये --
सहारनपुर। नौ अगस्त को जारी हुई प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत जनपद के 265683 किसानों को नौंवी किश्त प्राप्त हुई। जबकि जनपद में 331546 किसान इस पोर्टल पर पंजीकृत हैं। नौंवी किश्त में जिले के किसानों को 53, 13, 66000 रुपये प्राप्त हुए हैं।
------ देवेंद्र कुमार