सहारनपुर। जनपद में डेंगू और बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जनपद में बुधवार को डेंगू के 20 मरीज मिले, जबकि जिले भर में 35 जगहों पर लगाए शिविरों में 132 मरीज बुखार के मिले। सीएमओ डॉ. संजीव मांगलिक और जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ ने भी कई जगहों पर जाकर शिविरों का जायजा लिया। चिकित्सा विभाग की टीमों ने 2,690 घरों पर जाकर 11,209 लोगों को संचारी रोगों से बचने के लिए जागरूक किया।
बुधवार को 20 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। चिकित्सा विभाग के अनुसार जनपद में अभी तक 241 मरीज डेंगू के मिल चुके हैं। उधर, संचारी रोग जैसे डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए चिकित्सा विभाग की ओर से देहात और शहर में शिविर लगाए जा रहे हैं। बुधवार को ब्लॉक रामपुर मनिहारान के गांव अहमदपुर, सकतपुर, पहांसू, ब्लॉक देवबंद के गांव मिरगपुर, नूना बड़ी, बेलड़ा, झबीरन, ब्लॉक पुवांरका के गांव जयरामपुर, ब्लॉक सुनहेटी खड़खड़ी के गांव सीड़की, बेलड़ा, वाजिदपुर, हसनपुर, बलिया खेड़ी, उमाही, मल्हीपुर, ख्वाजा, फिराहेड़ी, चुन्हेटी शेख, गडौला, ब्लॉक नकुड़ के गांव अंबेहटा, ब्लॉक सरसावा के गांव सीकरी कलां, अलीपुरा, ब्लॉक गंगोह के गांव रादौर, माधोपुर, सांगाठेड़ा, फतेह चंदपुर, ब्लॉक नानौता के गांव आभा, बेहड़ा तथा नगर के मोहल्ला प्रेमनगर, वेद विहार, मंगल नगर, नुमाइश कैंप, जनकपुरी, हकीकतनगर में चिकित्सा शिविर लगाए गए। शिविरों में कुल 520 लोग परामर्श लेने पहुंचे। इनमें बुखार के 132 मरीज रहे, इनके खून के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। जरूरी दवाएं भी दी।
संचारी रोगों पर नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतिदिन शहर और देहात में शिविर आयोजित कर मरीजों को परामर्श और दवाएं दी जा रही हैं। बड़ी संख्या में जांच भी कराई जा रही हैं। हम खुद शिविरों में जाकर व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं। लोगों को भी सावधानी बरतने की जरूरत है। - डॉ. संजीव मांगलिक, सीएमओ।