रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। क्षेत्र के गांव चर्रोह में दस दिनों से फुंके पड़े ट्रांसफार्मर को लेकर ग्रामीणों ने पॉवर कार्पोरेशन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। वहीं, दूसरी ओर मोहल्ला महल में लोगों ने बिजली कटौती से परेशान आकर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी।
गांव चर्रोह में दस दिन से फुंके पड़े ट्रांसफार्मर से ग्रामीणों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसे लेकर ग्रामीणों ने पावर कार्पोरेशन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। मुर्सलीन, हाजी जमशेद, बबलू, सुंदर, जावेद, सोनू, फरमान आदि कहना है कि मुख्यमंत्री के फुंके ट्रांसफार्मर को 24 घंटे के अंदर बदलने आदेश हैं लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के कारण ट्रांसफार्मर को नहीं बदला जा रहा है। इससे ग्रामीणों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पॉवर कारपोरेशन से शीघ्र ट्रांसफार्मर रखवा कर विद्युत आपूर्ति की मांग की।
वहीं, दूसरी ओर मोहल्ला महल के लोगों ने ईद के त्यौहार पर बिजली न आने और मोहल्ले में एक फेस आने को लेकर प्रदर्शन किया गया। इसमें पूर्व सभासद नसीम आजाद, अनवर, नानू, अहसान, नदीम, शमशाद, इसरार का कहना है कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ वह लोकसभा चुनाव 2019 का बहिष्कार करेंगे।