अंबेहटा (सहारनपुर)। खाद्य विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों पर छापामारी कर दो दुकानों से मिठाई के नमूने लिए। विभाग की इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। किरयाना व मिठाई की दुकान वाले अपनी दुकानें बंद कर भग खड़े हुए। बृहस्पतिवार को तहसीलदार देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम कस्बे में पहुंची। टीम ने मिठाई की दो दुकानों पर छापामारी की। टीम ने एक दुकान से सफेद रसगुल्ले व दूसरी दुकान से पेठे की मिठाई का सैंपल लिया। कस्बे में खाद्य विभाग की टीम आने की खबर लगते ही कस्बे के ज्यादातर किरयाना के दुकानदारों व मिठाई वालों ने अपनी दुकानें बंद कर दी तथा भाग खड़े हुए। खाद्य विभाग की टीम ने केवल दो दुकानों से ही सैंपल लिए। तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने बताया कि यह छापामारी त्यौहारों के मद्देनजर है जो आगे भी जारी रहेगी। टीम में तहसीलदार देवेंद्र कुमार के अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता, इंदल यादव, मनोज कुमार व संजीत कुमार के अलावा पुलिस बल शामिल रहा। तहसीलदार देवेंद्र कुमार ने बताया कि नमूनों का जांच के लिए लैब भेजा जायेगा। रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।