रेलवे स्टेशन पर जेब कतरों से परेशान लोगों ने किया प्रदर्शन
सहारनपुर। रेलवे स्टेशन पर जेब काटे जाने की घटनाओं से आक्रोशित व्यापारियों ने जेब कटी पेंट, कुर्ते लेकर रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। व्यापारियों ने जेबकतरों को पकड़े जाने से मांग की।
सोमवार को सहारनपुर व्यापार मंडल से जुड़े व्यापारी कार्यालय से जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए जेब कटी पेंट एवं कुर्ते लेकर रेलवे स्टेशन पहुंचे और जीआरपी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रांतीय अध्यक्ष राधेश्याम नारंग एवं महानगर अध्यक्ष मुकेश सेठी ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर जेब कतरे लगातार वारदात कर रहे हैं। रविवार को तोता चौक शिवेंद्र नगर निवासी संजय गुप्ता सुपरफास्ट एक्सप्रेस से बहन को भात देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान उनके एक लाख 10 हजार रुपये निकाल लिए गए। इसी ट्रेन में व्यापारी पप्पू यादव की जेब काटकर 71000 हजार रुपये निकाल लिए गए। उन्होंने कहा कि दोनों व्यापारी रिपोर्ट कराने जीआरपी थाने पहुंचे तो उन्हें यह कहकर लौटा दिया कि पहले आप अपनी यात्रा कर आए। उसके बाद आकर रिपोर्ट लिखवा देना। इससे पहले भी अनेकों बार व्यापारियों एवं अन्य लोगों की जेबें स्टेशन पर काटी जा चुकी हैं, लेकिन न तो किसी जेबकतरे को पकड़ा गया और न ही किसी के पैसे ही बरामद किए। इससे लोगों में रोष व्याप्त है।
महानगर प्रभारी विनीत कर्णवाल, कपड़ा मार्केट के प्रधान ओमप्रकाश कंसल ने चेतावनी दी कि रेलवे स्टेशन पर यही स्थिति रही तो व्यापार मंडल आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। इस मामले में उन्होंने जीआरपी प्रभारी राशिद अली को ज्ञापन देकर जेबकतरों को गिरफ्तार कर घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में अनिल धारिया, ज्ञान चंद सचदेवा, अमित माहेश्वरी, सुभाष धमीजा, संजय गुप्ता, पप्पू यादव, वीरेंद्र कुमार बहल, एचडी गुप्ता, चरण लाल नरुला, राजेंद्र हांडा, जगदीश पपनेजा, भारत कर्णवाल, दीपक जैन, संजय तिवारी, जोगिंदर सिंह ठकराल, बलवीर सिंह छाबड़ा, राजीव फुटेला शामिल रहे।