आठवीं तक के बच्चों की दस जनवरी तक छुट्टी
सहारनपुर। कोहरे और शीतलहर के चलते बढ़ती ठंड को देखते हुए आठवीं तक के स्कूलों की दस जनवरी तक छुट्टी कर दी गई है। छुट्टी के आदेश बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े सरकारी और गैर सरकारी, यूपी बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड और आईसीएसई के स्कूलों पर भी लागू होंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि डीएम आलोक कुमार पांडेय के निर्देश पर कक्षा एक से आठवीं तक के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पांच से दस जनवरी तक अवकाश रहेगा। 11 जनवरी को विद्यालय पूर्ववत खुलेंगे। उधर, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. अरुण कुमार दुबे ने बताया कि स्कूलों की छुट्टी का आदेश माध्यमिक विद्यालयों पर भी लागू होगा। यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई स्कूलों में भी कक्षा एक से आठ तक के बच्चों का अवकाश रहेगा। शिक्षक अवकाश के दिनों में भी विद्यालयों में जाकर अपने कार्य निपटाएंगे।