एसडीए ने ध्वस्त की अवैध कॉलोनी, एक निर्माण सील
सहारनपुर। विकास प्राधिकरण ने अवैध निर्माणों के खिलाफ शुक्रवार को दो अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई की। गांव मनोहरपुर मार्ग पर काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर जेसीबी चलाकर ध्वस्तीकरण किया गया। वहीं अशोक विहोर कॉलोनी में एक व्यवसायिक अवैध निर्माण को सील करने की कार्रवाई की गई।
प्राधिकरण के कार्यवाहक सचिव विजय शुक्ला ने बताया कि एक व्यक्ति के द्वारा गांव मनोहरपुर मार्ग पर करीब 20 बीघा जमीन पर निशानदेही करते हुए कॉलोनी काटी जा रही है। स्थालीय निरीक्षण के दौरान स्वीकृति मानचित्र नहीं दिखाया गया। उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम 1973 के तहत कॉलोनी को ध्वस्त करने का निर्णय लिया गया, जिसके लिए चार जनवरी की तिथि निर्धारित की गई थी। शुक्रवार को पुलिस बल को साथ लेकर विकास प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और कॉलोनी को जेसीबी चलवाकर ध्वस्त कराया। इसके अलावा अशोक विहार कॉलोनी में मेन गेट के बराबर में एक व्यक्ति ने व्यवसायिक निर्माण किया हुआ है। स्थलीय निरीक्षण के दौरान मानचित्र की स्वीकृति नहीं दिखाई गई। उक्त निर्माण को चार जनवरी को सील करने का निर्णय लिया गया था। शुक्रवार को उक्त निर्माण को भी सील किया गया। इस दौरान भी पुलिस बल साथ रहा।