सहारनपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) रविवार को होगी। जनपद में 32,382 अभ्यर्थियों के लिए 30 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार अभ्यर्थियों की परीक्षा केंद्रों में एंट्री के दौरान वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।
परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह दस बजे से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी, जो प्राथमिक स्तर की होगी। इसमें 19 हजार 847 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। दूसरी पाली अपराह्न तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी। इसमें 12 हजार 535 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। यह परीक्षा उच्च प्राथमिक स्तर की होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉक्टर अरुण कुमार दुबे ने बताया कि परीक्षा की तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्रों पर एंट्री के दौरान वीडियोग्राफी कराने के आदेश शासन से मिले हैं। ऐसा पहली बार हो रहा है, जब एंट्री के दौरान की भी वीडियोग्राफी कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि परीक्षा के दौरान केंद्रों पर पुलिस बल भी तैनात रहेगा। केंद्रों के आसपास के सभी साइबर कैफे और फोटो स्टेट की दुकानें परीक्षा के दौरान बंद रहेंगी। अभ्यर्थी केंद्र के भीतर कोई भी आपत्तिजनक सामग्री लेकर नहीं जा सकेंगे। निरीक्षकों के साथ ही सचल दस्ते भी पूरी परीक्षा पर नजर रखेंगे।