सहारनपुर। कोरोना की तीसरी लहर अगस्त 2021 के बाद आने का अनुमान लगाया जा रहा है। आशंका है कि तीसरी लहर में कोरोना बच्चों को भी प्रभावित कर सकता है। ऐसे में चिकित्सा विभाग ने बच्चों के कोरोना से बचाने की तैयारियां अभी से शुरू कर दी हैं। शेखुल हिन्द मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज में 100 बेड का बच्चा वार्ड तैयार किया जा रहा है, जिसका 60 फीसदी कार्य पूर्ण हो चुका है। उधर, जिला महिला अस्पताल में भी 50 बेड का पीआईसीयू तैयार किया जा रहा है। यानी जल्द ही जनपद में बच्चों के लिए 150 बेड के कोरोना वार्ड तैयार हो जाएंगे।
शेखुल हिन्द मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज पिलखनी में तीसरी मंजिल पर 100 बेड का वार्ड तैयार किया जा रहा है। इसमें 25 बेड पीआईसीयू (पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट) और 25 वार्ड एचडीयू (हाई डिपेंडेंस यूनिट) रहेगी, जबकि 50 का बेड जनरल वार्ड रहेगा। शासन के आदेश के बाद वार्ड को तैयार करने का कार्य करीब दस दिन पहले शुरू कर दिया गया था, जो 60 फीसदी पूर्ण हो चुका है। अगले दस से 15 दिन में वार्ड तैयार होने की उम्मीद है। उधर, जिला महिला अस्पताल में 50 बेड का पीआईसीयू (पीडियाट्रिक इंटेसिव केयर यूनिट) बनाया जा रहा है। अस्पताल की नई बिल्डिंग में दूसरी और तीसरी मंजिल पर 25-25 बेड का वार्ड तैयार किया जा रहा है।
- शासन के निर्देश पर बच्चा वार्ड तैयार किया जा रहा है। 60 फीसदी काम पूर्ण हो चुका है।
डॉ. अरविंद त्रिवेदी, प्राचार्य, शेखुल हिन्द मौलाना महमूद हसन मेडिकल कॉलेज।
- जिला महिला अस्पताल में 50 बेड का पीआईसीयू बन रहा है। काफी कार्य हो चुका है। वार्ड जल्दी तैयार हो जाएगा।
डॉ. ममता सोढी, सीएमएस, जिला महिला अस्पताल।