बेहट(सहारनपुर)। 14 माह के बच्चे को रविवार शाम चिकित्सक के यहां ले जा रहे बहन-भाई पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोपियों ने बच्चे को छीनकर सड़क किनारे फेंक दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में उसकी मौत हो गई। बहन-भाई बच्चे के शव को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बेहट कोतवाली क्षेत्र के गांव ईशाकपुर चेंची निवासी अमृतलाल अपनी बहन सुमन के साथ उसके 14 माह के पुत्र को दवा दिलाने सहारनपुर जा रहा था। आरोप है कि गांव कंबोहमाजरा व चको के बीच दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने रंजिश रखने का आरोप लगाते हुए उनसे मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने उसकी बहन से बच्चे को छीनकर सड़क पर फेंक दिया। लोगों के जमा हो जाने के बाद आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। इसके बाद वे बच्चे को उठाकर सहारनपुर ले जा रहे थे। उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वे बच्चे को लेकर कोतवाली पहुंचे। इंस्पेक्टर बृजेश पांडेय ने बताया कि बच्चे के शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। संवाद