सहारनपुर/चिलकाना। हाई स्कूल जिला टॉपर बने किसान इंटर कालेज चौरी मंडी के छात्र अभिनव की मां नीलम और पिता महीपाल खेतों में मजदूरी करते हैं। इन दिनों अभिनव रिश्तेदारी में हरिद्वार गया हुआ है। शनिवार को जब परिणाम आया और मीडियाकर्मी साक्षात्कार लेने अभिनव के घर पहुंचे तो घर पर ताला लटका था। मां और पिता मजदूरी पर गेहूं काटने गए हुए थे। गांव के लोगों ने खेतों में जाकर उन्हें बताया कि अभिनव ने जिला टॉप किया है और घर पर कुछ लोग आए हैं।
चिलकाना के गांव चौरी मंडी निवासी हाई स्कूल के छात्र अभिनव एक गरीब और मजदूर परिवार से है। अभिनव परिवार में सबसे बड़ा पुत्र है तथा उसके एक भाई तथा एक बहन हैं। पिता महीपाल मजदूरी कर अपने तीनों बच्चों को पढ़ा रहे हैं। मां नीलम निरक्षर है, मगर बेटे को जज बनते देखना चाहती है। खेत पर सूचना मिलने के बाद ही अभिनव के माता पिता ने पास की ही दुकान से लड्डूू मंगवाकर आस-पड़ौस में बंटवाकर खुशी मनाई। अभिनव के प्रधानाचार्य दिनेश कुमार शर्मा का कहना है कि अभिनव ने 91.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान प्राप्त कर कालेज और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्हें और कॉलेज परिवार को अभिनव पर फक्र है। उन्होंने बताया कि अभिनव उनके विद्यालय में दो साल से शिक्षा ग्रहण कर रहा है।