देवबंद शुगर मिल का 80 हजार क्विंटल का इंडेंट जारी
सहारनपुर। मिल में गन्ने की कम आवक से नाराज उप गन्ना आयुक्त डॉक्टर दिनेश्वर मिश्र और जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने देवबंद शुगर मिल को प्रतिदिन 80 हजार क्विंटल इंडेंट जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने गन्ना समिति के सचिव से कहा कि इंडेंट जारी कर उन्हें सूचित किया जाए।
शनिवार को चीनी मिल देवबंद में निरीक्षण के दौरान उप गन्ना आयुक्त और जिला गन्ना अधिकारी को गन्ने की आवक कम मिली। चीनी मिल अधिकारी इसका कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। इस पर चीनी मिल को गन्ने का प्रतिदिन 80 हजार क्विंटल गन्ने का इंडेंट करने का निर्देश दिया गया। साथ ही समिति के सचिव को सख्त निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पर्चियां जारी करने के बाद इसके बारे में सूचित किया जाए। उन्होंने ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों को निर्देश दिए कि उनके क्षेत्र के किसानों का पेराई योग्य गन्ना सप्लाई होने से वंचित न रहे। जिला गन्ना अधिकारी ने कहा कि यदि कोई मिल गन्ना छोड़कर पेराई सत्र समाप्त करेगा उस चीनी मिल को बंदी प्रमाण पत्र नहीं दिया जाएगा। इस दौरान गन्ना विकास निरीक्षक यशपाल सिंह एवं चीनी मिल के अधिकारी मौजूद रहे।