दलितों को सामान्य सीटों पर भी चुनाव लड़ाएगी कांग्रेस: इमरान
सहारनपुर। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद ने बताया कि आगामी चुनावों में कांग्रेस दलितों को केवल आरक्षित सीट तक सीमित न रखकर सामान्य सीटों पर भी चुनाव लड़ाएगी। वह रविवार को पत्रकार वार्ता में थे। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए दोनों को झूठ की सरकार करार दिया।
जावेद साबरी के आवास पर इमरान मसूद ने आरोप लगाया कि कुछ महीने पहले भाजपा ने जनपद में सांप्रदायिक फसाद कराकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की, जो सफल नहीं हो सकी। शब्बीरपुर प्रकरण में भी सरकार के इशारे पर दलितों को टारगेट किया जा रहा है। आरक्षण खत्म करने की बात करते हैं, मगर बैकलॉग आज तक पूरा नहीं हुआ है। आगामी चुनावों में दलितों को केवल आरक्षित सीट नहीं, बल्कि सामान्य सीटों पर भी चुनाव लड़ाया जाएगा। मसूद ने रोहिंग्या मामले में सरकार की नीति को गलत बताया। प्रदेश में क्राइम कंट्रोल के नाम पर छोटे अपराधियों का एनकाउंटर करने पर सवाल उठाए। यूएनओ में सुषमा स्वराज द्वारा 60 साल में देश में विकास करने की बात का स्वागत किया। पत्रकार वार्ता में विधायक नरेश सैनी, मसूद अख्तर, जिलाध्यक्ष शशी वालिया, जावेद साबरी, आलोक तनेजा समेत अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
दलितों को हक देने की शुरूआत गंगोह से की जाए
कांग्रेस में अचानक उमड़े दलित प्रेम को बसपा नेता शाजान मसूद ने सियासी ड्रामा करार दिया। उनका कहना है कि कांग्रेस अगर सामान्य सीट पर दलितों को चुनाव लड़ाना चाहती है तो इसकी शुरुआत गंगोह से होनी चाहिए। सांप्रदायिक राजनीति में माहिर कांग्रेस नेता अब मुस्लिमों को गुमराह करने के लिए स्टंट करना चाहते हैं। कांग्रेस वास्तव में दलितों की हितेषी है तो वह दलितों को चुनाव लड़ाने की शुरूआत गंगोह की चेयरमैन सीट से करें।