रेलवे ट्रैक पर बस फंसने से यात्रियों की सांसे अटकी
सहारनपुर। यात्रियों से खचाखच भरी मुजफ्फरनगर डिपो की बस पेपर मिल रोड स्थित फाटक पर फंस गई। सामने से ट्रेन आने की वजह से यात्रियों में अफरातफरी मच गई। मौके पर जमा अनेक लोग ट्रेन को रुकने का इशारा करते हुए ट्रेन की ओर दौड़ पड़े। गनीमत रही कि ट्रेन की स्पीड धीमी थी, जिसकी वजह से ट्रेन फाटक से करीब सौ मीटर पहले रोक दी गई। इसके बाद बड़ी मशक्कत के बाद बस को निकाला गया।
सोमवार की शाम करीब सवा पांच बजे पेपर मिल रोड स्थित फाटक को बंद किया गया था। करीब 15 मिनट तक ट्रेन नहीं आने की वजह से फाटक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। 20 मिनट बाद ट्रेन के गुजर जाने के बाद फाटक को खोल दिया गया। मुजफ्फरनगर की ओर से आई मुजफ्फरनगर डिपो की बस संख्या यूपी 11 टी 8719 ट्रैक को क्रॉस करने लगी। मगर सामने की ओर वाहनों की लंबी कतार और जाम की वजह से वह करीब दस मिनट तक ट्रैक पर ही खड़ी रही। इसी दौरान सहारनपुर की ओर से एक्सप्रेस ट्रेन आने की वजह से फाटक बंद करना था, मगर चूंकि ट्रैक पर खड़ी बस के पीछे वाहन फंसे थे। ऐसे में बस को न तो आगे निकलने की जगह मिली, न ही पीछे हटने की। कुछ ही देर बार ट्रेन को आता देख बस में सवार यात्रियों में अफरातफरी मच गई। यात्री बस में से उतरकर भागना शुरू हो गए। मौके पर जमा भीड़ में से कई लोग सहारनपुर की ओर से आ रही ट्रेन को रुकने का इशारा करते हुए ट्रेन की ओर भागे। चूंकि ट्रेन की रफ्तार धीमी थी और चालक ने बस को फंसा हुआ देख लिया था। ऐसे में ट्रेन को फाटक से करीब सौ मीटर दूर रोक दिया गया। इसके बाद ही बस में फंसे यात्रियों की जान में जान आई। बाद में बस के पीछे फंसे वाहनों को किसी तरह पीछे हटाया गया। ट्रैक पर फंसी बस को भी पीछे कराकर फाटक को दोबारा बंद किया गया। करीब 15 मिनट बाद रुकने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया। इसके बाद ही फाटक खोला गया और वाहनों को वहां से निकलने का मौका मिला।