कांवड़ यात्रा के मद्देनजर नगर में पुलिस व आरएएफ का फ्लैग मार्च
देवबंद (सहारनपुर)। कांवड़ यात्रा आरंभ होते ही पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया है। पवित्र यात्रा में खुरापाती कोई विघन्न न उत्पन्न कर दे इसके लिए संदिग्धों पर भी पैनी नजर रखी जा रही हैं। इसके साथ ही धार्मिक स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस और आरएएफ (रैपिड एक्शन फोर्स) के जवानों ने सोमवार को नगर में फ्लैग मार्च किया। सीओ सिद्धार्थ सिंह के नेतृत्व में मंगलौर रोड़ पुलिस चौकी से आरंभ हुआ फ्लैग मार्च सहारनपुर-मुजफ्फरनगर हाइवे, पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस, मजनूवाला रोड, रेलवे रोड, शास्त्री चौक, नेचलगढ़ बाजार, भायला रोड, मेन बाजार, सर्राफा बाजार, तेलियों की मोरी, एचएवी इंटर कॉलेज आदि स्थानों से होता हुआ वापस मंगलौर चौकी पर जाकर संपन्न हुआ। पैदल चल रहे जवानों को अधिकारी दिशा निर्देश भी दे रहे थे। सीओ सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्वक संपन्न कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पुलिस के साथ-साथ खुफिया एजेंसियों के अधिकारी भी संदिग्धों पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति पवित्र यात्रा के दौरान माहौल खराब करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। कोतवाल उमेश कुमार रोरिया ने बताया कि मानकी और घ्याना गांव के शिव मंदिरों में जलाभिषेक सर्वाधिक होता है। इसलिए इन मंदिरों के अलावा अन्य धार्मिक स्थलों की सुरक्षा भी बढ़ाई जा रही है। आवश्यकता पड़ी तो ड्रोन कैमरों की मदद भी ली जाएगी।