देवबंद (सहारनपुर)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बांग्लादेशी आतंकियों की गिरफ्तारी होने के बाद से ही खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं। मंगलवार को खुफिया विभाग के अधिकारियों ने गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर नगर के विभिन्न स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया और संदिग्धों से पूछताछ की गई।
मंगलवार को स्थानीय अभिसूचना इकाई व स्पेशल ब्रांच के अधिकारियों ने टीम के साथ नगर के बस अड्डों, रेलवे स्टेशन होटलों पर संदिग्धों की तलाश में अभियान चलाया। इस दौरान कई संदिग्ध लोगों से अधिकारियों ने पूछताछ की साथ ही रेलवे स्टेशन में संदिग्ध रूप से रखे सामान की बारीकी से तलाशी ली। हालांकि इस दौरान अधिकारियों को कुछ भी गलत नहीं मिला। बता दें कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से पिछले तीन माह में बांग्लादेशी आतंकी अब्दुल्ला समेत आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को गिरफ्तारी होने के बाद गृहमंत्रालय के अलर्ट के बाद तमाम एजेंसियां देवबंद समेत आसपास के इलाकों में पैनी नजर बनाए हुए हैं। गणतंत्र दिवस पर किसी प्रकार की कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए मंगलवार को खुफिया एजेंसियों ने चेकिंग अभियान चलाया। एलआईयू के उपनिरीक्षक भारत भूषण ने बताया कि गणतंत्र दिवस पर सुरक्षा के मद्देनजर तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान कुछ संदिग्धों से पूछताछ भी की गई। साथ ही किराये आदि पर कमरे देने वाले लोगों को सख्त हिदायत भी दी गई।