नकुड़ में अध्यक्ष पद के दो नामांकन दाखिल
नकुड़ (सहारनपुर)। तहसील क्षेत्र के पांच नगर निकाय चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन जमा किए गए जबकि अध्यक्ष पद के लिए 11 तथा सदस्य के लिए 87 लोगों ने नामांकन पत्र लिए।
तहसील कार्यालय में नकुड़, गंगोह, तीतरों, अंबेहटा और सरसावा के नगर निकाय चुनाव के लिए चल रही नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन गंगोह से अध्यक्ष पद के लिए सईदा पत्नी शकील ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन किया। नूरजहां पत्नी वकील ने राष्ट्रीय लोकदल पार्टी से समर्थकों के साथ पहुंचकर अपना नामांकन किया। इसके अलावा गंगोह से ही नसीमा ने अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन खरीदे जबकि गंगोह से सदस्य के लिए 26 लोगों ने नामांकन पत्रों की खरीदारी की। नकुड़ से सोमवार को अध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन पत्र नहीं खरीदा गया है। लेकिन सदस्य पद के लिए 25 लोगों ने नामांकन पत्र लिए। वहीं, अंबेहटा से अध्यक्ष के लिए गुलशाना ने तथा सदस्य के लिए दस लोगों ने नामांकन पत्र लिए। तीतरों से अध्यक्ष के लिए बालेश, अमरसिंह, अरुण और जगवीर ने सात नामांकन पत्र लिए। यहां से सदस्य पद के लिए यहां से 16 दावेदारों ने नामांकन पत्र लिए। सरसावा से अध्यक्ष के लिए केवल एक नामांकन पत्र अमरपाल ने लिए तथा सदस्य के लिए दस लोगों ने नामांकन पत्रों की खरीददारी की।