सहारनपुर। बेरोजगार कृषि स्नातकों के लिए अच्छी खबर है। वे एग्री जंक्शन (वन स्टाप शॉप) खोलकर स्वरोजगार कर सकते हैं। जनपद के सभी 11 विकास खंडों में एक-एक एग्री जंक्शन खोलने की योजना है। इसके लिए 19 फरवरी तक कृषि विभाग में आवेदन किया जा सकता है।
प्रदेश सरकार ने कृषि विभाग की प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन योजना के तहत जनपद में 11 एग्री जंक्शन खोलने का लक्ष्य दिया है। इसके लिए कृषि स्नातक आवेदन कर सकते हैं। एग्री जंक्शन खोलने के लिए आवेदन करने वालों के लिए कृषि विभाग ने आयु सीमा 40 वर्ष रखी है। अनुसूचित जाति के मामले में पांच वर्ष की छूूट दी जाएगी। आवेदन के बाद चयनित युवाओं को पहले विभाग की ओर से प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके बाद एग्री जंक्शन खोलने के लिए कृषि विभाग बैंक से ऋण भी दिलवाने में सहयोग करेगा। चार लाख रुपये के इस प्रोजेक्ट पर 3.50 लाख रुपये का ऋण की सुविधा रहेगी। इसमें 60 हजार रुपये की सहायता कृषि विभाग की ओर से दी जाएगी। एग्री जंक्शन पर उर्वरक, बीज, कीटनाशक बिक्री के साथ ही कृषि संबंधी अन्य कार्य भी किए जाएंगे, साथ ही किसानों को कृषि यंत्र किराए पर देकर अपनी आमदनी को बढ़ा सकते हैं।
एग्री जंक्शन बेरोजगार कृषि स्नातकों को स्वरोजगार दिलाने में कारगर साबित होंगे। जिले में 11 एग्री जंक्शन खोले जाने हैं। इसके लिए 19 फरवरी तक आवेदन किया जा सकता है। चयनित युुवाओं को बैंक से ऋण दिलाने में मदद करने के साथ ही 60 हजार रुपये की सहायता भी दी जाएगी। --रामजतन मिश्र उप निदेशक कृषि।