अदालत के आदेश पर सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
देवबंद (सहारनपुर)। अदालत के आदेश पर पुलिस ने सात लोगों के विरुद्ध एक व्यक्ति के साथ मारपीट करने और महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
मोहल्ला अबुलमाली निवासी रिजवानुलहक ने एसीजेएम के यहां वाद दायर कर बताया कि गत 10 जुलाई को उसका नौकर जाबिर परिवार की महिलाओं के साथ घेर में बैठा हुआ था। इस दौरान कायस्थवाड़ा निवासी महेश कुमार अपने तीन साथियों मोहल्ला पठानपुरा निवासी मुस्तफा, आमिल खां, उस्मान खां के साथ वहां पहुंचा। उसने जाकिर से कहा कि मालिक को कह देना कि यह जायदाद उनकी है जिस पर वह कब्जा करके रहेंगे। जब जाबिर ने इसका विरोध किया तो वह गाली गलौज करने लगे। ऐसा करने से मना किया तो उक्त लोगों ने लाठी डंडों से उसकी पिटाई कर दी। आरोप है कि बीच बचाव को आई महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें भी की गईं। इतना ही नहीं उन्होंने जान से मारने की नीयत से जाबिर पर तमंचे से फायर भी किया। जिसमें वह बाल बाल बच गया। रिजवानुलहक का आरोप है कि जाते समय उक्त लोग जान से मारने की धमकी भी देकर गए। पुलिस ने अदालत के आदेश पर चार नामजद समेत सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है।