सहारनपुर। जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में आई समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। स्वच्छता अभियान का औचक निरीक्षण के लिए टीमें तैयार हैं। बुधवार को टीम गांवों में जाकर अभियान का जायजा लेंगी।
मंगलवार को तहसील सदर में संपूर्ण समाधान दिवस जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें फरियादियों की ओर से 24 शिकायतें आईं। डीएम ने कहा कि सभी अधिकारी जन आकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए जनसमस्याओं का समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि ओडीएफ घोषित ब्लाकों में जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे पूरी तत्परता के साथ गांवों में साफ सफाई पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि बुधवार दोपहर से 16 गांवों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व विभाग के सर्वाधिक शिकायत मिली। राजस्व विभाग के छह, पुलिस के तीन, विकास, विद्युत एवं नगर निगम के चार चार, जिला पूर्ति कार्यालय, जिला विद्यालय निरीक्षक और समाज कल्याण विभाग के एक एक प्रार्थना पत्र मिले। इन शिकायती पत्रों को जिलाधिकारी संबंधित अधिकारी को शीघ्र निस्तारण के निर्देश के साथ सौंप दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उपेंद्र कुमार अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार, डीएफओ विजय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी बीएस सोढ़ी, नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, एसडीएम सदर संगीता, तहसीलदार सदर प्रीति सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार, सहायक निदेेशक सूचना सुधीर कुमार आदि रहे।