सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि महानगर में किसी भी मार्ग पर अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर तत्काल ध्वस्तीकरण की कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए एक सघन अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि बार-बार अतिक्रमण करने वालों को चिह्नित कर दंडात्मक कार्रवाई के साथ ही सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे अतिक्रमण अभियान चलाने के लिए पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण मुक्त कराए गए चौराहों का तत्काल सुंदरीकरण कराया जाए।
कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को अवैध निर्माणों के ध्वस्तीकरण के लिए की जाने वाली कार्रवाई की समीक्षा के दौरान डीएम पीके पांडेय ने कहा कि बिना अनुमति के महानगर की सीमा में होने वाले अवैध निर्माणों को चिह्नित किया जाए। उन्होंने कहा कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में किसी तरह की शिथिलता नहीं बरती जाए। उन्होंने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि मार्गों पर होने वाले अतिक्रमण को चिह्नित कर यथा शीघ्र्र अभियान चला कर अतिक्रमण को ध्वस्त किया जाए। इसके लिए व्यापार संगठनों की भी मदद ली जायें। उन्होंने कहा कि सड़क, सरकारी भूमि, नाले व नालियों पर जबरन अतिक्रमण करने वालों के विरूद्ध भी प्रभावी कार्यवाही की जायें। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय नागरिकों की बार-बार शिकायत आने पर भी कमेला कालोनी में चर्बी के अवैध निर्माणशालाओं का ध्वस्तीकरण नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर भी अभियान चला कर अवैध भट्ठी और बाकी बाल और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक नगर को निर्देश दिए कि वे निर्माणों के ध्वस्तीकरण के लिए पर्याप्त पुलिस व्यवस्था करायें। उन्होंने निर्देश दिए कि कमेला कालोनी में अवैधशालाओं के ध्वस्तीकरण के मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी सिटी स्वयं मौजूद रहेंगे। उन्होंने सहारनपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को भी निर्देश दिया कि बिना अनुमति के कालोनियों में अवैध निर्माण जारी है। ऐसी कालोनियों को चिन्हित कर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि चिह्नित स्थानों की सूची उन्हें भी उपलब्ध कराई जाए जिससे मांग के अनुरूप पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि जो दस बडे़ अतिक्रमण वाले चौराहे चिह्नित किए गए हैं। उन्हें तुड़वाकर चौराहों का सुंदरीकरण कराया जाए। बैठक में उपाध्यक्ष सहारनपुर विकास प्राधिकरण मनोज कुमार, नगर आयुक्त गौरव वर्मा, अपर जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन) एसके दूबे, पुलिस अधीक्षक नगर प्रबल प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।