गैंगवार में मारे गए बदमाश रावण का मोबाइल बिजनौर जेल में खूब बजता था। उसके पास मौजूद सिमकार्ड उसकी पत्नी नहीं, बल्कि प्रेमिका से लंबी बातें करने में काम आता था। यही प्रेमिका जेल में उससे उसकी पत्नी बनकर मिलने आया करती थी।
नरेंद्र उर्फ रावण की हत्या के बाद से रोजाना नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने वारदात के बाद उसके कब्जे से एक सिमकार्ड बरामद किया था। पुलिस तब से इसकी जांच में जुटी थी कि रावण ने सिमकार्ड से जेल में रहते किन लोगों से बात की। पहले यह जानकारी थी कि रावण विवाहित था और उससे उसकी पत्नी जेल में मिलने आती थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सिमकार्ड की कॉल डिटेल में चौंकाने वाला राज खुला है कि रावण मोबाइल फोन से केवल अपनी प्रेमिका से ही बात करता था। इसके अलावा उसने किसी और से बात नहीं की। रावण के पास यह सिमकार्ड जनवरी के अंतिम सप्ताह में पहुंचा था। तब से उसकी प्रेमिका से कई बार लंबी बातें हुईं। प्रेमिका भी रावण से जेल में मिलने खूब आती थी। अंतिम बार भी रावण से जेल में उसकी प्रेमिका ही मिलकर गई थी।
जेल अफसर इस महिला को रावण की पत्नी बता रहे थे। अफसरों के मुताबिक यह महिला खुद को रावण की पत्नी बताकर ही जेल में उससे मिलती थी। इस मामले में जेल अफसरों की गर्दन भी फंसती नजर आ रही है। जेल अफसर हालांकि जेल से रावण द्वारा मोबाइल प्रयोग करने की बात से इंकार कर रहे हैं, पर रावण के पास मिला सिम कार्ड कुछ और ही बयां कर रहा है।
उधर पुलिस को पता चला है कि भाटी गैंग ने रावण की हत्या के दौरान लाल नहीं बल्कि सफेद स्कार्पियो का प्रयोग किया था। पुलिस अब इस कार का पता लगाने में जुटी है।