रामपुर। सिविल लाइंस क्षेत्र के ज्वालानगर निवासी नरेश पाल सिंह की ओर से दर्ज कराई गई तहरीर में कहा गया है कि उनके बेटे कुलदीप यादव की गड्ढा कॉलोनी निवासी निकेत कश्यप से फोन पर कहासुनी हो गई थी। बृहस्पतिवार शाम कुलदीप ज्वालानगर स्थित रजा टैक्सटाइल जा रहा था। आरोप है कि बाकर स्कूल के पास निकेत ने अपने साथियों के साथ उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कराया तो आरोपी धमकी देते हुए भाग गए। सूचना पर पहुंचे नरेश पाल सिंह ने बेटे को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। एएसपी अनुराग सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
0000
गर्भवती महिला से मारपीट, पति समेत तीन पर रिपोर्ट
रामपुर। गंज कोतवाली क्षेत्र में एक गर्भवती महिला की तहरीर पर उसके पति, सौतन और साले के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज, धमकी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़िता नेहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि लगभग छह माह पहले उसकी शादी मोहल्ला लाल कब्र, थाना कोतवाली निवासी शन्नू से हुई थी। शादी के बाद पति उसे किराये के मकान में रखता था, लेकिन गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद उसने खर्च और किराया देना बंद कर दिया तथा प्रताड़ित करने लगा।
आरोप है कि विरोध करने पर पति, उसकी दूसरी पत्नी और साले ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। महिला के पेट में भी लात-घूंसे मारे गए, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके 40 हजार रुपये पति के पास हैं और रुपये मांगने पर उसके साथ मारपीट की जाती है।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की विवेचना जांच अधिकारी को सौंप दी गई है। संवाद