बिलासपुर। नगर के अंबेडकर पार्क में शुक्रवार दोपहर कुछ युवकों ने दो युवकों को घेरकर लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मोहल्ला सिंह कॉलोनी निवासी अमन के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वह अपने दोस्त विष्णु के साथ मोहल्ला डैम कॉलोनी से अंबेडकर पार्क होते हुए घर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान डैम कॉलोनी के कुछ युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते उन्हें पार्क में घेर लिया और लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घटना के बाद दोनों घायल कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी जीत सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।