रामपुर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक युवक ने किसी बात पर नाराज होकर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। हादसे में युवक का हाथ बुरी तरह झुलस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के नादर के बाग निवासी समी रविवार को किसी बात पर घर वालों से नाराज हो गया। इस दौरान उसने खुद को कमरे में बंद कर किया और हाथ पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। हादसे में समी झुलस गया। आननफानन परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरा खोलकर युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सिविल लाइन थाना प्रभारी लव सिरोही ने बताया कि युवक ने मां से नाराज होकर आग लगा ली थी। उसका हाथ झुलस गया है। उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। संवाद