मिलक। जालिफ नगला के पास बुधवार दोपहर तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार दो सगे भाई घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रैफिक पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
नगर के बसीरनगर निवासी 28 वर्षीय सर्वेश अपने भाई अरविंद के साथ मीरगंज जा रहे थे। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे जालिफ नगला के पास ट्रैफिक पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान दोनों भाई क्योरार बाईपास की ओर निकले, तभी बरेली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने सर्वेश को मृत घोषित कर दिया। अरविंद की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मृतक की पत्नी प्रीति ने पिकअप चालक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। कोतवाल मनीराम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
000
ट्रैफिक पुलिस पर लगाए अवैध वसूली के आरोप
हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस सुनसान स्थानों पर वाहन चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली करती है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस को देखकर चालक घबराकर तेज रफ्तार में वाहन निकालते हैं, जिससे दुर्घटनाएं होती हैं। लोगों ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।