मिलक। मिलक थाना क्षेत्र में खेत पर चारा लेने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मामले की जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
घटना शनिवार को क्षेत्र के ग्राम परम से नौहरा जाने वाले संपर्क मार्ग की है। कूप गांव निवासी नन्हे (35) पशुओं के लिए चारा लेने के लिए खेत पर गए थे। जहां उनकी संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने खेत पर जाकर देखा तो नन्हे मृत अवस्था में पड़े थे। सूचना पर पुलिस पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परम चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कनौजिया ने बताया कि मृतक के परिजनों ने बताया है कि नन्हे टीबी की बीमारी से पीड़ित थे और उन्हें खून की उल्टी भी होती थीं। परिजनों की तरफ से कार्रवाई को लेकर कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
संवाद