रामपुर। मिलक थाना क्षेत्र में काम पर जा रहे बाइक सवार युवक को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं , पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक फरार बताया गया है।
पटवाई थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव निवासी चंद्रपाल (20) मिलक स्थित एक प्लाई फैक्टरी में मजदूरी करते थे। गुरुवार की सुबह चंद्रपाल बाइक से काम पर जा रहे थे। इस दौरान रास्ते में पीछे से आए एक ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में चंद्रपाल की मौके पर ही मौत हो गई। इस बीच चालक ट्रक छोड़ मौके से फरार हो गया। राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने हादसे की जानकारी परिजनों को दी है।