मसवासी (रामपुर)। शिकारपुर स्थित बालाजी स्टोन क्रशर पर तैनात कर्मचारी ड्यूटी के दौरान डंपर के नीचे दब गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया और युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है। वहीं, घटना की जानकारी से मृतक के परिजनों मातम छा गया है।
जनपद मुरादाबाद के कांठ थाना क्षेत्र निवासी जयपाल (27) पुत्र खचेडू बीते चार माह से शिकारपुर स्थित बालाजी स्टोन क्रशर पर मजदूरी करता था। बताते हैं कि गुरुवार सुबह ड्यूटी के दौरान युवक डंपर के नीचे आ गया। घटना देख क्रशर पर मौजूद लोगों में हंगामा मच गया। जब तक युवक को डंपर के नीचे से निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ धर्म सिंह मार्छल और कोतवाल रूम सिंह बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ लापरवाही से दुर्घटना करने का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, क्रशर स्वामी ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में मातम छा गया।