रामपुर। रामनगर बैराज से छोड़े गए पानी के बाद जिले में उफनाई नदियों ने सड़क यातायात पूरी तरह से बाधित कर दिया। रामपुर से मुरादाबाद मार्ग, भोट से नैनीताल मार्ग, मुरादाबाद-नैनीताल मार्ग वाया दढ़ियाल इन मार्गों पर हाईवे जलमग्न होने या सड़क धंसने के कारण बुधवार तड़के से यातायात बंद करना पड़ा। मुरादाबाद-नैनीताल मार्ग वाया दढ़ियाल-स्वार मार्ग पर यातायात मंगलवार सुबह से ही बंद रहा। हालांकि कुछ देर के लिए बाइकों को गुजारा गया, लेकिन, चार पहिया हल्के और भारी वाहन पूरी तरह से बंद रहे।
-रामपुर-मुरादाबाद मार्ग पर कुंडा मंदिर के निकट कोसी नदी का पानी आने से हाईवे जलमग्न हो गया था। जिसके बाद बुधवार सुबह करीब पांच बजे इस मार्ग पर यातायात बंद कर दिया गया था। इसके बाद शाम करीब साढ़े पांच बजे से इस मार्ग पर कार व बड़े वाहन चालू कर दिए गए, हालांकि एहतियातन अभी तक दोपहिया वाहन नहीं गुजरने दिए जा रहे हैं। इस मार्ग पर मुंशीगंज के निकट सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण मंगलवार सुबह करीब 10 बजे से भारी वाहनों समेत सभी चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया था। जो कि अभी तक बंद है। सिर्फ बाइकों को बीच-बीच में गुजारा जा रहा है। रामपुर-काठगोदाम नेशनल हाईवे पर भोट में पीलाखार नदी का पानी आने के बाद बुधवार सुबह करीब चार बजे यातायात बंद कर दिया गया था। इस मार्ग पर अभी तक यातायात बंद है और वाहनों को वाया केमरी डायवर्ट कर गुजारा जा रहा है। बिलासपुर बाईपास पर पानी आने के बाद मंगलवार रात करीब 10 बजे से बंद है। जो कि अभी तक बंद है और वाहनों को नगर के अंदर से गुजारा जा रहा है।