उनके पास अपना इंटरेस्ट है, अपने नफे-नुकसन के मंसूबे हैं। हो सकता ये बुरा भी न हो क्योंकि सत्ता में आने के लिए कुछ तो करना ही पड़ता है, अगर कहीं अन्याय हो रहा है, अनर्थ हो रहा है, वो जो नहीं होना चाहिए वो हो रहा है। जिससे देश, राष्ट्र और मानवता का नुकसान हो रहा है। जहां इंसानियत दम तोड़ दे और देश का छोटे फायदे के लिए बड़ा नुकसान हो जाए तो आखिर कौन संभालेगा उन हालातों को, कौन रोकेगा उस अराजकता को, कौन पकड़ेगा ताकतवर का हाथ जब कमजोर पर उठेगा। उस वक्त सिर्फ एक ही तरफ नजर जाती है और वो है देश की न्यायिक व्यवस्था। जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर और राष्ट्र स्तर तक। आज भी इंसान इंसाफ की आस में कहता है अच्छा चल मैं तुझे अदालत में देखूंगा, यानी अदालत पर जो उसका भरोसा सैकड़ों साल पहले था आज भी कायम है।
आजम खां के इस वीडियो के बाद राजनीतिज्ञ जानकार से लेकर अन्य लोग तक इसे आजम खां के खिलाफ कोर्ट में चल रहीं प्रक्रियाओं से जोड़कर देख रहे हैं। आजम खां के खिलाफ रामपुर के अलग-अलग थानों और लखनऊ में मुकदमे दर्ज हैं, जोकि कोर्ट में चल रहे हैं। साथ ही उनकी पत्नी डॉ. तजीन फात्मा और बेटे स्वार विधायक अब्दुल्ला आजम के खिलाफ भी दर्ज मुकदमों की सुनवाई कोर्ट में चल रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि आने वाले कुछ महीनों में इनमें से कुछ मामलों में फैसला भी आ जाए।