शाहबाद (रामपुर)। राशन को लेकर मिल रही शिकायतों के आधार पर पूर्ति निरीक्षक के निरीक्षण में राशन की कालाबाजारी होती हुई पाई गई थी। जिसके बाद पुलिस ने राशन डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज ली थी। शुक्रवार को इस मामले में फूड सेल विजिलेंस की टीम ने गांव में पहुंचकर जांच की है।
तहसील क्षेत्र के पीपला मंसूरपुर गांव में राशन की दुकान की शिकायत सामने आई थी। शिकायत पर अधिकारियों के निर्देश पर वर्ष 2020 के नवंबर में पूर्व में रहे पूर्ति निरिक्षक सनद कुमार ने गांव में राशन डीलर शाहिद की दुकान पर पहुंचकर निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान 150 कुटंल राशन कम मिला था। राशन कम पाए जाने पर राशन डीलर से पुछताछ की गई थी। पूछताछ में राशन डीलर स्पष्ट रूप से कोई जवाब नही दे पाया था। उस दौरान कुछ राशन कार्ड भी गलत पाए गए थे। बाद में मामले में राशन डीलर के खिलाफ पटवाई थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में दुकान को निरस्त कर दिया गया था। शुक्रवार को गांव में इस प्रकरण की जांच के लिए लखनऊ से फूड सेल विजिलेंस की टीम पहुंची। टीम के अधिकारी सतीश सिंह ने गांव के प्राथमिक स्कूल में बैठकर जांच की। जांच के दौरान शिकायतकर्ताओं से आरोपी राशन डीलर शाहिद के बारे में जानकारी एकत्र की। जांच के दौरान लखनऊ से आए विजिलेंस के अधिकारी ने हर एक पहलू पर जांच पड़ताल की। जांच के दौरान पूर्ति निरीक्षक संतोष श्रीवास्तव मौजूद रहे।