नगर में डीएम के आदेश पर चंद्रा नर्सिंग होम पर छापामार कार्रवाई की गई, यहां बिना लाइसेंस के लगाई गई अल्ट्रासाउंड मशीन को सीज कर दिया गया। डिप्टी सीएमओ की ओर से एफआईआर लिखाए जाने के लिए तहरीर दी गई है। छापामार कार्रवाई में प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक और एसडीएम भी मौजूद थे।
शुक्रवार देर शाम डिप्टी सीएमओ एमसी गर्ग की अगुवाई में नगर के मोहल्ला भब्बलपुरी आर्य समाज रोड पर स्थित चंद्रा नर्सिंग होम पर छापामार कार्यवाही की गयी। डीएम अमित किशोर के आदेश पर हुई कार्रवाई में डिप्टी सीएमओ ने पूर्व में सूचना मिलने पर टांडा आकर क्लिीनिक की गोपनीय स्थित देखकर गए थे।
वहीं कई दिन से क्लिीनिक पर नजर रखी जा रही थी। नर्सिंग होम में बिना लाइसेंस के अल्ट्रासॉउन्ड मशीन चलाई जा रही थी जिससे भूर्ण लिंग जांच किए जा रहे थे। डिप्टी सीएमओ के आदेश पर अल्ट्रासॉउन्ड मशीन को सीज कर दिया गया। अचानक हुई छापामार कार्रवाई से नगर में हड़कंप मच गया।
नगर के झोलाछाप अपने अपने क्लिीनिक बंद कर भाग गए। छापामारी में उपजिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, तहसीलदार वीके कुशवाह, नगर के सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक रामजीलाल आदि मौजूद रहे।