सीबीएसई ईस्ट जोन हॉकी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के बाद अब शहर के दो सीबीएसई स्कूलों की टीमें नेशनल में धाक जमाने की तैयारी में जुट गई हैं। टीमें 29 नवंबर को नेशनल टूर्नामेंट खेलने कर्नाटक के लिए रवाना होंगी। इससे पहले टीमों ने प्रैक्टिस कर जीत की राह बनानी शुरू कर दी है।
जिले में 28 अक्तूबर से एक नवंबर तक सीबीएसई ईस्ट जोन हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। नेशनल टूर्नामेंट के लिए अंडर-14 गर्ल्स और अंडर-19 ब्वॉयज कैटेगरी में दयावती मोदी एकेडमी की टीम ने जगह बनाई थी। अंडर-14 ब्वॉयज कैटेगरी में व्हाइट हॉल पब्लिक स्कूल की टीम ने नेशनल के लिए क्वालीफाई किया था।
अब दो से सात दिसंबर तक कर्नाटक के बंगलुरू कुर्ग में सीबीएसई नेेशनल हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसमें ये तीनों टीमें प्रतिभाग करेंगी। नेशनल टूर्नामेंट में जीत दर्ज कर शहर और स्कूल का नाम रोशन करने की चाह लिए इन टीमों के खिलाड़ी तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं। टीमें रोजाना प्रैक्टिस में पसीना बहा रही हैं।
दयावती मोदी एकेडमी के स्पोर्ट्स टीचर विप्लव भट्टाचार्य ने बताया कि टीम 29 नवंबर को रामपुर से रवाना होगी। टीम के साथ कोच विनीता, सौरभ शर्मा और राघवेंद्र यादव साथ रहेंगे। वहीं, व्हाइट हॉल पब्लकि स्कूल के स्पोर्ट्स टीचर अजीत सिंह ने बताया कि कालेज की अंडर-14 ब्वॉयज टीम नेशनल टूर्नामेंट में प्रतिभाग के लिए रवाना होगी।