मिलक (रामपुर)। स्कूटी पर सवार होकर घर जा रहे दो दोस्तों कोअज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई। हादसे के वक्त स्कूटी सवार हेलमेट नहीं लगाए हुए थे।
मिलक कोतवाली क्षेत्र के नवदिया निवासी नमन गुप्ता (24) अपने दोस्त होली चौक निवासी रोहित गुप्ता (25) के साथ स्कूटी पर सवार होकर मीरगंज की ओर से घर जा रहे थे। रास्ते में रात करीब नौ बजे नगर स्थित आर्य विद्यालय के सामने अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। आरोपी चालक वाहन लेकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान दोनों की मौत हो गई।