स्वार (रामपुर)। क्षेत्र के स्वार-केलाखेड़ा मार्ग पर रविवार रात रेत लदी डनलप और वैन में टक्कर हो गई। टक्कर के बाद अनियंत्रित वैन बाइक से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए हल्द्वानी ले जाते समय उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए नहीं थे।
कोतवाली क्षेत्र के रायपुर गांव निवासी सरदार दलवीर सिंह रविवार देर शाम अपने दो बेटों सोनू (20) और अर्शदीप उर्फ हैप्पी (22) के साथ किसी कार्य से स्वार आए थे। कार्य निपटाने के बाद रात करीब नौ बजे के बाद वो घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान एक बाइक स्वयं दलवीर चला रहे थे जबकि दूसरी बाइक पर उनके दोनों बेटे सोनू और अर्शदीप सवार थे। बताते हैं कि मिलकदून्दी गांव के पास रेत से लदी डनलप गाड़ी और वैन के बीच टक्कर हो गई।
टक्कर के बाद वैन जब बेकाबू हुए तो अर्शदीप और सोनू की बाइक उसकी चपेट में आ गई। जिससे दोनों भाई बाइक समेत बीच मार्ग पर गिरकर घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर मिलकदून्दी के ग्रामीण मौके पर आ गए। दलवीर सिंह ने ग्रामीणों की सहायता से दोनों घायल बेटों को उठाया और वाहन की व्यवस्था कर तत्काल की उत्तराखंड के हल्द्वानी ले गए।
लेकिन, अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दोनों भाइयों की मौत हो गई। दलवीर सिंह रास्ते से ही शव लेकर घर आए तो परिवार में कोहराम मच गया। गांव के लोग मौत की खबर सुनकर उमड़ आए। सभी का रोते-रोते बुरा हाल हो गया।