टांडा (रामपुर)। टांडा थाना क्षेत्र के लालपुर कलां गांव में प्रधान के जेठ की गोली मारकर हत्या और चचेरे ससुर पर जानलेवा हमले के दो और आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है जबकि दो हत्यारोपी बाइक लेकर फरार हो गए। चारों ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी थी। इस दौरान पुलिस की कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगने से घायल हो गए। आरोपियों को उपचार के लिए जिला अस्पाल में भर्ती कराया है। दोनों हत्यारोपियों से दो तमंचे और कारतूस बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक 12 अप्रैल को लालपुर कलां की ग्राम प्रधान तबस्सुम के चचेरे ससुर एवं पूर्व प्रधान मोहम्मद हारून पर चुनावी रंजिश में ताबड़तोड़ फायरिंग कर जानलेवा हमला किया गया था। इस दौरान मोहम्मद हारुन को बचाने आए उनके भतीजे और प्रधान के जेठ वसीम को भी गोली लग गई थी, जिसमें वसीम की मौत हो गई थी। पुलिस ने मोहम्मद हारुन के बेटे मोहम्मद अनस की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर दानिश, रियाज, नाजिम, राहत, हारुन, शौकत और जुनैद के साथ ही दो अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी, जिसमें दो आरोपी आईपीसी की धारा 120बी (साजिश रचने) के आरोपी हैं। इसके बाद विवेचना में नादिर, शरीफ और इमरान को भी मुकदमे में शामिल कर लिया।
सोमवार को मिली एक सूचना के आधार पर टांडा पुलिस ने हत्या में शामिल चार लोगों के मुरादाबाद की ओर से आने पर चेकिंग शुरू की। इस दौरान दो बाइकों पर चार लोग आते दिखाई दिए। जिसमें एक बाइक पर नाजिम, रियाज और दूसरी बाइक पर नादिर और दानिश सवार थे। पुलिस ने चारों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में नाजिम और रियाज पैर में गोली लगने पर सड़क पर गिर गए। दोनों को दबोच लिया गया। जबकि दूसरी बाइक पर सवार नादिर और दानिश पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
टांडा कोतवाल गौरव कुमार ने बताया कि दो बाइकों पर सवार चार हत्यारोपियों में नाजिम के बाएं और रियाज के दाएं पैर में गोली लगी है। जबकि, दानिश और नादिर बाइक लेकर फरार हो गए। हत्यारोपियों की फायरिंग में पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया है। दोनों हत्यारोपियों के पास से दो तमंचे और कारतूस बरामद कर लिए हैं।
000
कोट्स
लालपुर कलां में हुई घटना में शामिल दो हत्यारोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। दोनों को पुलिस की जवाबी फायरिंग में गोली लगी है। जबकि दो हत्यारोपी बाइक लेकर फरार हो गए। दोनों की तलाश की जा रही है। घटना में शामिल दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। - डॉ. संसार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक