बिलासपुर (रामपुर)। पुलिस ने रविवार को दो चोरों को गिरफ्तार कर भाजपा नेता के ढाबे समेत चोरी की कई वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किया है।
मोहल्ला डाम कॉलोनी निवासी भाजपा नेता अमन शर्मा ने 21 जुलाई को ढाबे से चार बैटरे और इन्वर्टर की तार चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 24 अगस्त को ग्राम डोहरिया निवासी फिरासत हुसैन ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा था कि कि 23 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने उनकी वेल्डिंग की दुकान समेत अन्य दुकानों की टीनें हटाकर अल्टीनेटर का तार, सुदर्शन सिंह के धाम कांटे से बैटरा और गुड्डू व पप्पू के खोखे से भी सामान चोरी कर लिया। एसपी ने चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए तीन टीमें लगाई थीं। पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो दो संदिग्धों के नाम प्रकाश में आए।
रविवार को पुलिस ने मुखबिर से सूचना चौकी ईशानगर से चंदेन की तरफ जाने वाले रास्ते पर आम के बाग के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम भोट थाना क्षेत्र के गांव बांसनगली निवासी शकील और कोयला गांव निवासी फरीद उर्फ साहिल बताया। आरोपियों ने बताया कि वह रात में रेकी कर ढाबों व दुकानों से बैटरा, इन्वर्टर व तांबे के तार चुराकर कबाड़ी को बेच देते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार बैटरे, एक इन्वर्टर, तांबे के तार मय अल्टीनेटर की रोटर, कवर, फील्ड, एक एलईडी व घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की एक बाइक बरामद की है। सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस रिकॉर्ड में शातिर बदमाश हैं दोनों
सीओ हर्षिता सिंह ने बताया कि शकील और फरीद उर्फ साहिल शातिर अपराधी हैं और उनका लंबा आपराधिक इतिहास है। शकील के खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम समेत नौ मामले दर्ज हैं। जबकि आरोपी फरीद उर्फ साहिल के खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। इनमें बिलासपुर व भोट में हुई बैटरा चोरी की हालिया दो वारदातें और वर्ष 2012 में थाना भोजीपुरा जिला बरेली में दर्ज हत्या व साक्ष्य छिपाने का एक अभियोग भी शामिल है।