गुम्मा में मलबे में फंसा ट्रैवलर। संवाद
कलवट बंद होने से गुम्मा के समीप मलबे में फंसा ट्रैवलर
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई (रोहड़ू)। रविवार दोपहर बाद कोटखाई क्षेत्र में हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर आ गए। बारिश के साथ बहकर आए मलबे से कई कलवट बंद हो गए। इसके कारण क्षेत्र की करीब चार से पांच सड़कें अवरुद्ध होने की सूचना है।
ठियोग-हाटकोटी सड़क पर गुम्मा और छोल बाजार के समीप कलवट बंद होने से पानी सड़क पर बहने लगा। सड़क पर पानी और मलबा आने से वाहन चालकों को परेशानी हुई। गुम्मा के समीप सड़क किनारे खड़ा एक ट्रैवलर भी मलबे में फंस गया। हालांकि, किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।
भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क किनारे मलबा आने से यातायात प्रभावित हुआ। लोक निर्माण विभाग ने अवरुद्ध मार्गों को बहाल करने के लिए मौके पर मशीनरी भेजकर मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया।
लोक निर्माण विभाग कोटखाई के सहायक अभियंता कुलदीप ठाकुर ने बताया कि बारिश के कारण कुछ मार्ग अवरुद्ध हुए हैं। मार्गों को बहाल करने के लिए मशीनरी मौके पर भेजी गई है और विभाग की टीम काम में जुटी है।