बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव में कुछ अज्ञात लोगों ने ग्राम प्रधान समेत तीन किसानों के खेतों में लगे पॉपुलर के करीब तीन सौ पेड़ तोड़कर नष्ट कर दिए। किसानों की शिकायत पर पुलिस ने घटना स्थलों का भी निरीक्षण किया है। किसानों का आरोप है की शिकायत के बाद भी पुलिस किसी भी दोषी के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है।
खजुरिया थाना क्षेत्रके ग्राम कनकपुर की प्रधान गोमती देवी के पति प्रताप सिंह गंगवार के अनुसार 29 मई की रात कुछ अज्ञात लोगों ने उनके खेत में खड़े पॉपुलर के करीब डेढ़ सौ पेड़ तोड़कर नष्ट कर दिए। यह पेड़ उन्होंने फरवरी में लगाए थे। इसके अलावा शनिवार की रात ग्राम निवासी सोमपाल के खेत में खड़े करीब 50 से अधिक पेड़ कुछ अज्ञात लोगों ने तोड़कर नष्ट कर दिए।
प्रधान पति का कहना है कि इससे पहले अज्ञात लोगों ने ग्राम निवासी अनोखे लाल सागर के खेत में लगे करीब 50 से अधिक पेड़ तोड़कर नष्ट कर दिए। घटना की सूचना खेत स्वामियों को सुबह जब हुई तो उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की ।पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण भी किया, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। पीड़ित किसानों का कहना है कि कुछ लोग लगातार जंगल में खेत में खड़े पॉपुलर के पेड़ों को तोड़कर नष्ट कर रहे हैं, जिसकी वजह से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। लेकिन शिकायत के बाद भी पुलिस मामले को ठंडे बस्ते में डाले हुए हैं। जबकि, घटना को अंजाम देने वाले लोग खुलेआम गांव में घूम रहे हैं। उन्होंने पुलिस पर लापरवाही बरतने का भी आरोप लगाया है। उक्त संदर्भ में खजुरिया थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।
999