। जिले में बुुखार-डेंगू ने तीन और पीड़ितों की जिंदगी लील ली। मंगलवार को बिलासपुर, स्वार और सैदनगर क्षेत्र में डेंगू और बुखार पीड़ित की मौत की खबर सामने आई है। बिलासपुर में छह साल की मासूम की डेंगू से तो स्वार में कक्षा 9 की छात्रा की बुखार से मौत हो गई। उधर सैदनगर क्षेत्र में भी एक किशोर की डेंगू से मौत हो गई। जिले में लगातार जानलेवा हो रहे बुखार-डेंगू ने ग्रामीणों को दहशत में डाला हुआ है। जिले में बुखार और डेंगू से मरने वालों की संख्या 43 हो गई है।
सैदनगर क्षेत्र के मिलक बगरौआ निवासी खूब सिंह के 14 वर्षीय बेटे सुरेश को तीन दिन पहले बुखार आया था। परिजनों के मुताबिक उन्होंने बुखार आने पर सुुरश को पहले जिला अस्पताल में दिखाया। यहां पर उपचार से आराम न होने पर बिलासपुर और फिर हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर उपचार के दौरान सोमवार रात उसकी मौत हो गई।
बुखार और डेंगू से सबसे अधिक मौत स्वार और सैदनगर क्षेत्र में ही हुई हैं। सैदनगर क्षेत्र के खुर्शीदनगर गांव से शुरू हुआ बुखार का कहर पहले स्वार-टांडा और बिलासपुर तक पहुंच गया है। इन क्षेत्रों में लगातार बुखार पीड़ितों की मौतों की खबरें आ रही हैं। तो हजारों ग्रामीण बुखार की चपेट में हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग द्वारा बुखार की रोकथाम को किए जा रहे प्रयास लगातार नाकाफी साबित हो रहे हैं।