बिलासपुर। भारतीय किसान यूनियन अंबावता के कार्यकर्ता बुधवार को तहसील परिसर पार्क में एकत्र हुए और दरियां बिछाकर बैठ गए। जिलाध्यक्ष मोहम्मद सलीम वारसी के नेतृत्व में किसानों ने पार्क से नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन दिया।
किसानों ने बेमौसम बारिश से खराब हुई गेहूं की फसल का मुआवजा देने, गेहूं क्रय केंद्र तुरंत चालू करने, किसानों की आरसी पर रोक लगाने, प्राइवेट स्कूलों की मनमानी पर रोक और कर्ज माफी की मांग की।
जिलाध्यक्ष ने कहा, किसानों की स्थिति दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है। किसानों ने कर्ज लेकर फसल उगाई थी, जो बारिश से बर्बाद हो गई। एसडीएम ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर मोहम्मद आसिम रजा, जगतार सिंह, जोरा सिंह, बलबीर सिंह, साविर अली, चुन्नीलाल, जमुना प्रसाद आदि मौजूद रहे।