शाहबाद (रामपुर)। सैफनी से घर बरेली जा रहे दो दोस्तों को एक कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों दोस्त बुरी तरह से जख्मी हो गए। इलाज के दौरान देवेंद्र उर्फ देव (28) की मौत हो गई। दूसरा दोस्त कृष्ण अवतार जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
बरेली के थाना इज्जतनगर के मोहल्ला सैनिक कॉलोनी निवासी देवेंद्र उर्फ देव और इनका दोस्त बहेड़ी निवासी कृष्ण अवतार सैफनी में ठेकेदारी का काम करते थे। बुधवार रात करीब 10:30 बजे दोनों दोस्त सैफनी से शाहबाद होते हुए बरेली जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शाहबाद मंडी के नजदीक एक कंटेनर ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में दोनों बाइक सवार बुरी तरह से जख्मी हो गए, जिन्हें एंबुलेंस के माध्यम से सीएचसी में भर्ती कराया। देर रात में ही इलाज के दौरान देवेंद्र उर्फ देव की मौत हो गई।
परिवार के लोग बृहस्पतिवार को बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव बरेली ले गए। कृष्ण अवतार का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
बहन की शादी की चल रही थीं तैयारियां
सड़क हादसे में जान गंवाने वाले देवेंद्र उर्फ देव की छोटी बहन कविता की शादी अगले कुछ महीनों में होने वाली थी। इसी बीच घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक देवेंद्र परिवार में दो बहनों को अकेला लाडला भाई था। इस हादसे ने परिवार की खुशियों पर पानी फेर दिया। परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक के पिता एफआईआई में नौकरी करते है।